लेखक: इंद्र यादव
सब कुछ पाने की चाहत इंसान को ताउम्र दौड़ाती रहती है, फिर भी एक अजीब सा खालीपन पीछा नहीं छोड़ता। हम अक्सर सोचते हैं कि डिग्री, नौकरी, घर, गाड़ी और बैंक बैलेंस यानी सब कुछ मिल जाए तो जिंदगी पूरी हो जाएगी। लेकिन हकीकत अक्सर इस सोच के उलट निकलती है। बाहर से भरे-पूरे दिखने वाले जीवन के भीतर एक सूनापन क्यों पसर जाता है? यह लेख उसी अनकही बेचैनी की पड़ताल करता है जो सब कुछ होने के बावजूद दिल में घर कर लेती है।
सब कुछ मिलने का भ्रम और हकीकत
जिंदगी अजीब खेल खेलती है। हम सब बचपन से लेकर बड़े होने तक कितनी ही चीजें पाने के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं। स्कूल की डिग्रियां, अच्छी नौकरी, बड़ा घर, गाड़ी, बैंक बैलेंस और समाज में इज्जत—एक वक्त के बाद यह सब कुछ हमारे पास आ जाता है। बाहर से देखने पर ऐसा लगता है कि इंसान की जिंदगी बिल्कुल पूरी और खुशहाल है।
लेकिन, क्या सच में ऐसा है!
अक्सर आपने महसूस किया होगा कि सब कुछ मिलने के बाद भी भीतर एक खालीपन सा रहता है। एक ऐसी बेचैनी, जो किसी को दिखाई नहीं देती। सच तो यह है कि जीवन में सब कुछ मिल जाता है, बस वही नहीं मिलता जो सचमुच दिल चाहता है!
दिल चाहता है वह क्यों नहीं मिलता
यह सवाल सबसे ज्यादा चुभता है कि जब हम सब कुछ पा सकते हैं, तो वह एक खास चीज क्यों नहीं मिलती जिसके लिए दिल सबसे ज्यादा तड़पता है!
आप बाजार से पैसे देकर दुनिया की हर भौतिक चीज खरीद सकते हैं। लेकिन आप किसी का सच्चा प्यार, बचपन का वो बेफिक्र सुकून, बीता हुआ वक्त या खोया हुआ अपना, दोबारा नहीं खरीद सकते। दिल अक्सर उन्हीं चीजों के पीछे भागता है जो या तो बहुत दूर जा चुकी हैं या फिर हमारी किस्मत में लिखी ही नहीं होतीं।
इंसान की फितरत है कि उसे जो मिल जाता है, उसकी वैल्यू कम होने लगती है और जो नहीं मिलता, वही सबसे ज्यादा कीमती लगने लगता है। यही कारण है कि सफलता की सीढ़ियां चढ़ने के बाद भी दिल किसी एक ऐसी चीज की तलाश में खाली रहता है, जो शायद कभी पूरी तरह मिल ही नहीं सकती।
सब कुछ नहीं मिल सकता: जीवन की समझदारी
अगर जिंदगी में सब कुछ अपनी पसंद का मिलने लगे, तो जीने का मजा ही खत्म हो जाएगा। यह अधूरापन ही तो है जो हमें इंसान बनाए रखता है।
जो चीजें हमें नहीं मिलतीं, वे हमें यह सिखाती हैं कि जिंदगी में हर बात हमारे हिसाब से नहीं चल सकती। यह अधूरापन हमें जमीन पर जोड़े रखता है और सिखाता है कि जो हमारे पास है, उसकी कद्र कैसे की जाए।
यह मान लेना कि “सब कुछ नहीं मिल सकता” कोई हार नहीं है, बल्कि एक बड़ी समझदारी है। जो नहीं मिला, उसके गम में अपनी आज की खुशियों को बर्बाद कर देना समझदारी नहीं है।
जिंदगी का असली नाम सिर्फ चीजे हासिल करना नहीं है, बल्कि जो मिला है उसके साथ शुक्रगुजार रहना और जो नहीं मिला उसकी हल्की सी याद को दिल में रखकर आगे बढ़ते जाना है। यही वह सच्चाई है जो हर इंसान अपनी जिंदगी के किसी न किसी मोड़ पर जरूर महसूस करता है।
खालीपन से निपटने के व्यावहारिक उपाय
- आभार जताएं: रोजाना मिली चीजों के लिए शुक्रिया अदा करें।
- वर्तमान में जिएं: बीते कल या अनिश्चित भविष्य की चिंता छोड़ अभी पर ध्यान दें।
- रिश्ते संवारें: भौतिक दौड़ से निकल अपनों के साथ वक्त बिताएं।
- स्वीकार्यता अपनाएं: जो नहीं बदल सकते, उसे स्वीकार कर आगे बढ़ें।
जीवन की इस यात्रा में सब कुछ पा लेना मुमकिन नहीं, लेकिन जो मिला है उसका जश्न मनाना पूरी तरह हमारे हाथ में है। अधिक गहराई से समझने के लिए जीवन के अर्थ पर विकिपीडिया का लेख पढ़ें।

