चतरा में एसपी आवास के सामने दिनदहाड़े फायरिंग, प्राइवेट गार्ड की मौत
चतरा: एसपी आवास के सामने मंगलवार को दिनदहाड़े हुई फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई. गोली लगने से एक प्राइवेट गार्ड की मौके पर ही मौत हो गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार. घटना में जिला बल के एक जवान पर गोली चलाने का आरोप है. हालांकि पुलिस ने अभी तक घटना के कारणों और मृतक की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
घटना के बाद मौके पर अफरा- तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के निर्देश पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी जवान को हिरासत में ले लिया.
घटना की सूचना पर सिमरिया एसडीपीओ. टंडवा एसडीपीओ समेत कई वरीय पुलिस अधिकारी घटनास्थल पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए.
बताया जा रहा है कि घटनास्थल के समीप खड़ी फोर्ड एंडेवर कार चतरा में बाईपास निर्माण कार्य करा रही रमियां कंस्ट्रक्शन के मालिक एवं गया निवासी रॉकी यादव की है. पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है. प्रारंभिक जांच में कार से अन्य हथियार बरामद होने की बात सामने आई है. हालांकि बरामद हथियारों की संख्या और अन्य विवरण की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है.
पुलिस ने घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाने के निर्देश दिए हैं. मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा.
फिलहाल मृतक की पहचान तथा घटना के पीछे की वास्तविक वजह को लेकर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

