पाकुड़ पुलिस का एक्शन, अवैध विदेशी शराब के कारोबार का खुलासा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पाकुड़: जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पाकुड़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र के ग्राम पत्थरघट्टा (पहाड़ियाटोला) में छापेमारी कर पुलिस ने भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह को 20 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि पत्थरघट्टा निवासी सुरेश पहाड़िया उर्फ बुधना पहाड़िया अपने घर से अवैध रूप से विदेशी शराब की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।गठित टीम ने आरोपी के घर पर छापेमारी की, जहां से रॉयल स्टैग कंपनी की 350 एमएल की 3 बोतल, 180 एमएल की 36 बोतल तथा किंगफिशर कंपनी की 650 एमएल की 46 बोतल बीयर बरामद की गई। बरामद सभी शराब को पुलिस ने जब्त कर लिया और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।इस संबंध में मालपहाड़ी ओपी कांड संख्या 180/2026 के तहत झारखंड उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस तरह के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं अवैध शराब का निर्माण या बिक्री हो रही हो तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।छापेमारी दल में एसडीपीओ कुमार गौरव, मालपहाड़ी ओपी प्रभारी राहुल गुप्ता, पुलिस अवर निरीक्षक सचिन कुमार, सहायक अवर निरीक्षक सुनील कुमार रजक, भुदेव कुमार दास, अयोध्या राम सहित मालपहाड़ी ओपी के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

