स्वास्थ्य विभाग की पहल से जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित पांच बच्चों का सफल इलाज, स्वस्थ होकर लौटे घर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। स्वास्थ्य विभाग, पूर्वी सिंहभूम की पहल पर जन्मजात हृदय रोग (कंजेनाइटल हार्ट डिजीज) से पीड़ित जिले के पांच बच्चों का सफलतापूर्वक ऑपरेशन कराया गया। उपचार के बाद सभी बच्चे स्वस्थ होकर अपने घर लौट आए। सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने सिविल सर्जन कार्यालय में बच्चों का स्वागत कर उनके उत्तम स्वास्थ्य की शुभकामनाएं दीं।
इलाज के लिए फैयाज्जुदीन (जादूगोड़ा), जीत कुण्डु (पटमदा), नन्दनी मुण्डा एवं सरस्वती मुर्मू (बहरागोड़ा) तथा रंजीत सोरेन (गुड़ाबांदा) को श्री सत्य साईं संजीवनी सेंटर फॉर चाइल्ड हार्ट केयर, रायपुर और कोंडापाका (हैदराबाद) भेजा गया था। वहां विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सभी बच्चों का नि:शुल्क ऑपरेशन एवं उपचार किया।
इन बच्चों की पहचान राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की टीम द्वारा की गई थी। इसके बाद डीईआईसी, सदर अस्पताल की टीम ने समन्वय स्थापित कर उन्हें उपचार के लिए रेफर किया।
सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा चयनित सत्य साईं संस्थानों में बच्चों की नि:शुल्क जांच, ऑपरेशन और आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों में जन्मजात हृदय रोग के लक्षण दिखाई देने पर निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें, ताकि समय पर उपचार संभव हो सके।
इस अवसर पर शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. कमलेश कुमार प्रसाद, डॉ. राज नारायण तिवारी, जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो, डॉ. सुपर्णा नायक, सोशल वर्कर नमृता ठाकुर, कमलजीत कौर सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।

