मिथिला सांस्कृतिक परिषद की वार्षिक आमसभा संपन्न, 356 आजीवन सदस्यों की उपस्थिति में कई अहम प्रस्तावों पर हुई चर्चा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर (गोलमुरी): गोलमुरी स्थित मिथिला सांस्कृतिक परिषद परिसर में शनिवार, 12 जुलाई 2025 को परिषद की वार्षिक आमसभा का आयोजन किया गया। आमसभा में परिषद के 356 आजीवन सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ परिषद के अध्यक्ष मोहन ठाकुर, महासचिव धर्मेश कुमार झा, कोषाध्यक्ष रंजीत कुमार झा, पूर्व अध्यक्ष जीवछ झा, लक्ष्मण झा तथा अन्य कार्यकारिणी सदस्यों एवं गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर एवं महाकवि विद्यापति के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
कार्यक्रम में पंडित विपिन झा ने स्वास्तिक वाचन तथा शंकर झा ने भगवती वंदना प्रस्तुत की। मंच संचालन राजेश कुमार झा (सिदगोड़ा) ने किया, जबकि कार्यवाही का लेखन गोपाल चंद्र झा (आदित्यपुर) ने किया। सहायक महासचिव शिव चंद्र झा ने उपस्थित आजीवन सदस्यों का स्वागत किया।
सहायक महासचिव राजेंद्र कुमार कर्ण ने वर्ष 2025 की आमसभा की कार्यवाही पढ़कर सुनाई, जिसे सदन ने ध्वनिमत से अनुमोदित किया। इसके बाद अध्यक्ष मोहन ठाकुर ने अध्यक्षीय संबोधन दिया और महासचिव धर्मेश कुमार झा ने वर्षभर की गतिविधियों एवं उपलब्धियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
आमसभा में पंकज कुमार राय ने तीन महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे। पहले प्रस्ताव में अध्यक्ष एवं महासचिव को 50 हजार रुपये तक की राशि आवश्यक कार्यों के लिए व्यय करने की अनुमति देने तथा बाद में कार्यकारिणी से अनुमोदन लेने का प्रावधान रखा गया। दूसरे प्रस्ताव में कार्यकारिणी का कार्यकाल दो वर्ष से बढ़ाकर तीन वर्ष करने का सुझाव दिया गया। वहीं तीसरे प्रस्ताव में सदस्य नामांकन शुल्क 1100 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये करने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे आमसभा ने अस्वीकृत कर दिया।
इसके बाद कोषाध्यक्ष रंजीत कुमार झा ने परिषद का वार्षिक आय-व्यय एवं लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। परिषद के विकास एवं भविष्य की योजनाओं को लेकर आजीवन सदस्यों से सुझाव भी आमंत्रित किए गए। विभिन्न सदस्यों ने अपने सुझाव दिए, जिन पर नई कार्यकारिणी द्वारा विचार किए जाने की बात कही गई।
बैठक के अंत में अध्यक्ष मोहन ठाकुर ने द्विवर्षीय कार्यकाल पूरा होने पर वर्तमान कार्यकारिणी को भंग करने की घोषणा की। साथ ही आगामी चुनाव के लिए अशोक झा ‘अविचल’, सरोज कांत झा एवं दीपक कुमार झा को चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया।
चुनाव पर्यवेक्षक अशोक झा ‘अविचल’ ने घोषणा की कि मिथिला सांस्कृतिक परिषद की वर्ष 2026-28 की नई कार्यकारिणी का चुनाव 2 अगस्त 2025 को कराया जाएगा। चुनाव कार्यक्रम एवं अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश बाद में जारी किए जाएंगे।
कार्यक्रम का समापन उपाध्यक्ष आकाश चंद्र मिश्र के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। आमसभा को सफल बनाने में परिषद के महासचिव धर्मेश कुमार झा सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े कार्यकारिणी सदस्यों एवं स्वयंसेवकों की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही।

