राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा: देश की परमाणु ऊर्जा उत्पादन में अहम भूमिका निभाने वाली यूसीआईएल (UCIL) की जादूगोड़ा आवासीय कॉलोनी इन दिनों मूलभूत सुविधाओं के गंभीर संकट से जूझ रही है। टूटी सड़कें, जर्जर क्वार्टर, गंदे पेयजल और सफाई व्यवस्था के बाद अब लगातार हो रही बिजली कटौती ने कर्मचारियों और उनके परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बुधवार शाम करीब 7 बजे से रात 11 बजे तक चार घंटे बिजली गुल रहने से पूरी कॉलोनी अंधेरे में डूबी रही। बाजार में कारोबार प्रभावित हुआ, बच्चों की पढ़ाई ठप रही और बुजुर्गों व मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गुरुवार को भी कई बार बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे बैंक, डाकघर और सरकारी कार्य भी प्रभावित हुए। कॉलोनीवासियों ने आरोप लगाया कि बिजली रखरखाव के नाम पर हर वर्ष लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं, लेकिन व्यवस्था में कोई सुधार नहीं दिख रहा। वहीं संयुक्त यूनियन ने सात दिनों के भीतर बिजली, पानी और अन्य बुनियादी समस्याओं का समाधान नहीं होने पर यूसीआईएल गेट के समक्ष अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी दी है।

