राष्ट्र संवाद संवाददाता
छोटा गम्हरिया दुर्गापूजा मैदान के समीप स्थित ब्यूटी पार्लर की संचालिका आदर्श नगर निवासी सुनीता देवी से गुरुवार की दोपहर झांसा देकर सोने के जेवर ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है। इस बावत पीड़िता ने बताया है कि दो अज्ञात व्यक्तियों ने पहले बातचीत में उसे उलझाया और फिर किसी मेडिकल कैंप के बारे में पूछताछ करने लगे। इसी दौरान दोनों व्यक्तियों ने सुनीता देवी से कहा कि आजकल माहौल ठीक नहीं है और उन्हें सोने के आभूषण पहनकर नहीं चलना चाहिए।पीड़िता के अनुसार, बातचीत के दौरान ही आरोपियों ने संभवतः कोई स्प्रे किया, जिसके बाद वह असामान्य स्थिति में आ गई। उसके बाद वह स्वयं अपने गले से करीब 15 ग्राम की सोने की चेन और कान की दोनों बालियां उतारकर उन लोगों को दे दी। कुछ देर बाद जब होश आया तो उसे अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने अपने पति विकास कुमार को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही विकास कुमार ने 100 नम्बर पर डायल कर इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही आदित्यपुर एवं गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है तथा आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है।

