लालसिंह पहाड़ पर बुरू बोंगा महापूजा संपन्न, विधायक संजीव सरदार हुए शामिल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गुड़ाबांदा। गुड़ाबांदा प्रखंड के मुचरीशोल गांव स्थित लालसिंह पहाड़ पर मंगलवार को आदिवासी भूमिज समाज की पारंपरिक बुरू बोंगा (पहाड़ पूजा) श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुई। धान की खेती शुरू होने से पूर्व आयोजित इस महापर्व में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पर्वत देवता की पूजा-अर्चना कर अच्छी वर्षा, भरपूर फसल, पशुधन की सुरक्षा और गांवों की खुशहाली की कामना की। परंपरा के अनुसार कई श्रद्धालुओं ने मनौती पूर्ण होने पर बकरों एवं मुर्गों की बलि भी अर्पित की।
यह पूजा गुड़ा, मुचरीशोल और कोवाली गांव के संयुक्त तत्वावधान में 12 मौजा के सहयोग से आयोजित हुई। मुख्य लाया दिगम्बर सिंह के नेतृत्व में पारंपरिक विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई गई, जिसमें क्षेत्र के 20 गांवों के पारंपरिक सामाजिक पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
इस अवसर पर संजीव सरदार भी महापूजा में शामिल हुए। उन्होंने पूजा-अर्चना कर समाज के लोगों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि बुरू बोंगा आदिवासी भूमिज समाज की सांस्कृतिक पहचान, प्रकृति के प्रति श्रद्धा और सामुदायिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने पारंपरिक संस्कृति और विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुंचाने का आह्वान किया।

