ब्रेन मलेरिया पीड़ित मरीजों से मिले उपायुक्त, कहा- सभी की स्थिति स्थिर, बेहतर इलाज सुनिश्चित करें अस्पताल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: उपायुक्त राजीव रंजन ने एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल तथा सदर अस्पताल में भर्ती ब्रेन मलेरिया पीड़ित मरीजों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत की तथा चिकित्सकों से इलाज और स्वास्थ्य स्थिति की विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि सभी मरीजों को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दवा, जांच, रक्त, बेड अथवा अन्य आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाओं की किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। गंभीर मरीजों की निरंतर निगरानी करते हुए विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बताया कि वर्तमान में अस्पतालों में भर्ती सभी ब्रेन मलेरिया पीड़ित मरीजों की स्थिति स्थिर है।
चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है और जिला प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग पूरी गंभीरता के साथ हालात पर नजर बनाए हुए हैं। मरीजों को सभी आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि पोटका प्रखंड के प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा घर-घर सर्वे, बुखार की जांच, मलेरिया स्क्रीनिंग, दवा वितरण, मच्छरदानी के उपयोग के प्रति जागरूकता तथा संक्रमण की रोकथाम के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। राज्य स्वास्थ्य विभाग की विशेषज्ञ टीम भी लगातार प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति की निगरानी कर रही है।
उपायुक्त ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि बुखार, ठंड लगना, सिरदर्द या अन्य लक्षण दिखाई देने पर स्वयं इलाज करने के बजाय तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। मच्छरदानी का नियमित उपयोग करें, घर एवं आसपास साफ-सफाई रखें तथा जलजमाव न होने दें। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और उपचार से ब्रेन मलेरिया जैसी गंभीर बीमारी से होने वाली जटिलताओं से बचा जा सकता है।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त (डीडीसी), एसडीएम धालभूम, एमजीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, चिकित्सकों की टीम, जिला स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

