सिदगोड़ा में पुलिस कार्रवाई के दौरान हंगामा, युवक घायल होने पर लोगों ने घेरा पुलिस वाहन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस कार्रवाई के दौरान उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब एक युवक के घायल होने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस वाहन को घेर लिया और संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, बस्ती क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद की सूचना पर सिदगोड़ा थाना पुलिस जांच के लिए मौके पर पहुंची थी। पुलिस दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाना ले जाने की प्रक्रिया में जुटी थी। इसी दौरान वहां मौजूद रवीश ठाकुर नामक युवक को वाहन में बैठाने के दौरान एक पुलिसकर्मी द्वारा कथित रूप से धक्का दिए जाने की बात सामने आई।
बताया जाता है कि धक्का लगने से रवीश ठाकुर सड़क पर गिर पड़ा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और पुलिस की कार्यशैली का विरोध करने लगी। लोगों का आरोप था कि धक्का देने वाला पुलिसकर्मी नशे की हालत में था तथा युवक के साथ जबरदस्ती की जा रही थी।
घटना से नाराज लोगों ने पुलिस वाहन को घेर लिया और दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। मामले की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैज अकरम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाकर शांत करने का प्रयास किया तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
थाना प्रभारी के आश्वासन के बाद देर रात स्थिति सामान्य हुई। घायल युवक का उपचार कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

