नामकुम स्टेशन पर आरपीएफ की कार्रवाई, 18 बोतल विदेशी शराब के साथ युवक गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवादाता
रांची: रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ऑपरेशन “सतर्क” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नामकुम रेलवे स्टेशन से 18 बोतल विदेशी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 33 हजार रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, 17 जून 2026 को आरपीएफ फ्लाइंग टीम रांची और आरपीएफ पोस्ट रांची की संयुक्त टीम ने नामकुम स्टेशन पर ट्रेन संख्या 18626 एक्सप्रेस के आगमन के दौरान सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान एक युवक ट्रॉली बैग और पिट्ठू बैग के साथ ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहा था। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर टीम ने उसे रोककर सामान की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान बैग से कुल 18 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान जीशान कुमार (19 वर्ष), निवासी भरावपर, मुरारपुर, बिहार शरीफ, जिला नालंदा (बिहार) के रूप में बताई। वह शराब से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह शराब को रांची से खरीदकर बिहार ले जा रहा था, जहां अधिक कीमत पर बेचने की योजना थी। इसके बाद आरपीएफ ने शराब जब्त करते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार युवक और जब्त शराब को आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, रांची को सौंप दिया गया है। मामले की जांच जारी है।

