राष्ट्र संवाद संवाददाता
चाईबासा: आगामी 26 जून को आयोजित होने वाले मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अमित रेनू की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने विधि-व्यवस्था की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों में सघन वाहन जांच अभियान चलाने, धार्मिक स्थलों की नियमित निगरानी करने तथा प्रतिबंधित मांस के संभावित परिवहन पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और आपत्तिजनक पोस्टों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। मुहर्रम जुलूस मार्गों का ड्रोन कैमरों से निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने का निर्णय लिया गया है। बैठक में स्पष्ट किया गया कि पर्व के दौरान केवल पूर्व निर्धारित परंपराओं और जुलूस मार्गों का ही पालन होगा तथा किसी नए मार्ग या नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके अलावा स्वास्थ्य, अग्निशमन और यातायात विभाग को भी विशेष तैयारी रखने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने सभी थाना प्रभारियों को शांति समिति की बैठकें आयोजित कर विभिन्न समुदायों के बीच संवाद और सौहार्द बनाए रखने पर विशेष जोर दिया, ताकि मुहर्रम पर्व जिले में शांति और भाईचारे के माहौल में संपन्न हो सके।

