टाटा स्टील क्वार्टर खाली कराने पहुंची टीम का विरोध, एएसआई पर अवैध कब्जे का आरोप
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर के कदमा टावर रोड स्थित टाटा स्टील के क्वार्टर संख्या L5-55 को खाली कराने पहुंची टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व में जुस्को) और एसआरटी की टीम को शुक्रवार सुबह भारी विरोध का सामना करना पड़ा। आरोप है कि ट्रैफिक पुलिस में तैनात एएसआई अमरेश कुमार सिंह पिछले ढाई वर्षों से कथित तौर पर ताला तोड़कर क्वार्टर में अवैध रूप से रह रहे हैं। कार्रवाई के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और हंगामा हुआ।
कंपनी अधिकारियों ने आरोप लगाया कि क्वार्टर खाली कराए जाने के बाद बिजली और पानी की आपूर्ति काट दी जाती है, इसके बावजूद अवैध रूप से रहकर चोरी से बिजली-पानी का उपयोग किया जा रहा था, जिससे कंपनी को आर्थिक नुकसान हुआ। अधिकारियों का कहना है कि इस आवास को किसी जरूरतमंद कर्मचारी को आवंटित किया जा सकता था।
यूआईएसएल अधिकारियों के मुताबिक, एएसआई अमरेश कुमार सिंह को कई बार मौखिक और लिखित नोटिस देकर क्वार्टर खाली करने को कहा गया था, लेकिन उन्होंने नोटिस फाड़ दिए और हर बार दबाव बनाकर कार्रवाई रुकवा दी। शुक्रवार को भी वर्दी में मौजूद जवान द्वारा टीम के साथ बहस और धमकी देने का आरोप लगाया गया।
वहीं, एएसआई और उनके परिजनों ने इन आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि उन्हें कोई नोटिस नहीं मिला है और वे क्वार्टर खाली नहीं करेंगे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। यूआईएसएल ने बताया कि स्थानीय थाने को पहले ही लिखित सूचना दी जा चुकी है और पुलिस प्रशासन के सहयोग से क्वार्टर खाली कराने एवं सील करने की कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

