21 जून को गुरुद्वारा साहिब साकची में सजेगा भव्य कीर्तन दरबार, बीबी जसप्रीत कौर करेंगी गुरुबाणी कीर्तन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: श्री गुरु अर्जुन देव जी महाराज एवं अन्य अमर शहीदों की पावन शहादत को समर्पित भव्य कीर्तन दरबार का आयोजन 21 जून को गुरुद्वारा साहिब साकची में किया जाएगा। धार्मिक समागम शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक आयोजित होगा, जबकि इसकी शुरुआत शाम 6:30 बजे श्री रहरास साहिब के पाठ से होगी।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी के प्रधान सरदार निशान सिंह ने बताया कि समागम में सुविख्यात रागी बीबी जसप्रीत कौर (पटियाला वाले), भाई गुरविंदर सिंह ‘गाफिल’ (दिल्ली वाले) तथा हजूरी रागी भाई नारायण सिंह गुरुबाणी कीर्तन प्रस्तुत करेंगे। उनके मधुर स्वर में संगत गुरुवाणी रसधारा का आनंद ले सकेगी।
कमिटी ने बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई है। संगत की सुविधा के लिए बैठने, लंगर और अन्य व्यवस्थाओं की तैयारी पूरी कर ली गई है। कार्यक्रम के अंत में गुरु का अटूट लंगर भी वितरित किया जाएगा। गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी ने श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचकर समागम में शामिल होने की अपील की है।

