राष्ट्र संवाद संवाददाता
पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान छोटामहुलडीहा निवासी 20 वर्षीय मुकेश बारजो के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार 15 जून 2026 को काटेपाड़ा गांव के ग्रामीण मुंडा ने सूचना दी थी कि सुखदेवलंगर नाला के समीप जंगल में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा है, जिससे दुर्गंध आ रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया।
देर शाम तक आसपास के गांवों में पहचान कराए जाने पर मृतक की पहचान मुकेश बारजो के रूप में हुई। मृतक की पत्नी बुधनी गोप बारजो ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले गांव के ही फंटुस लागुरी के साथ मुकेश का विवाद हुआ था, जिसके दौरान आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी। पत्नी के लिखित आवेदन पर जगन्नाथपुर थाना में फंटुस लागुरी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित रेनू के निर्देश पर एसडीपीओ राफेल मुर्मू के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। तकनीकी शाखा की सहायता से पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 16 जून को आरोपी फंटुस लागुरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इस संबंध में चाईबासा अनुमंडल पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ बहामन टुटी एवं एसडीपीओ राफेल मुर्मू ने मामले की जानकारी दी। छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक बासुदेव मुंडा, थाना प्रभारी टिन्कु कुमार दास, विश्वनाथ हेम्ब्रम, मनमथो प्रधान, अभय कुमार, तकनीकी शाखा चाईबासा एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

