बच्चे को बचाने की सलाह देना पड़ा भारी, ‘चटनी डॉन’ के गुर्गों के हमले में कई घायल; गिरोह की सरगना गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में एक बच्चे को तेज रफ्तार कार से बचाने के लिए दी गई नसीहत ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद कथित तौर पर कुख्यात अपराधी प्रिया सिंह उर्फ ‘चटनी डॉन’ के गुर्गों ने एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रिया सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, आदर्श नगर ग्वाला बस्ती निवासी पूजा देवी ने 15 जून को सोनारी थाना में कांड संख्या 49/26 दर्ज कराया। शिकायत में बताया गया है कि उनके पति ओम प्रकाश सिंह घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान दरवाजे के सामने एक छोटा बच्चा खेल रहा था। तभी एक स्विफ्ट डिजायर कार तेज गति से वहां से गुजरी और बच्चा बाल-बाल बच गया।
ओम प्रकाश सिंह ने कार चालक पवन यादव को सावधानी से गाड़ी चलाने की सलाह दी। आरोप है कि इस बात पर पवन यादव ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई। इसी बीच कार में मौजूद प्रिया सिंह उर्फ ‘चटनी डॉन’ ने अपने सहयोगियों को मौके पर बुला लिया।
कुछ ही देर में कई लोग हथियारों के साथ पहुंचे और पूजा देवी समेत उनके परिजनों पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियारों से वार कर कई लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर सोनारी थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रिया सिंह उर्फ ‘चटनी डॉन’ को गिरफ्तार कर लिया।
डीएसपी मुख्यालय-2 मनोज कुमार प्रेस वार्ता में बताया कि प्रिया सिंह के खिलाफ मारपीट, लूट, छिनतई, रंगदारी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एससी-एसटी एक्ट समेत 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, वह स्थानीय व्यवसायियों और ठेकेदारों से रंगदारी वसूलने वाले गिरोह का संचालन करती थी। उसके खिलाफ पहले जिला प्रशासन द्वारा झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम, 2002 के तहत एक वर्ष के लिए जिला बदर की कार्रवाई भी की जा चुकी है। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

