पुलिस पर फायरिंग करने वाला भरत तिवारी एनकाउंटर में घायल, दोनों जांघ में लगी गोली
राष्ट्र संवाद संवादाता
भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में बुधवार को हाई वोल्टेज ड्रामा के बाद पुलिस ने आरोपी भरत तिवारी को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर आरोप है कि उसने अपने घर की छत से पुलिस टीम पर फायरिंग की और कई घंटों तक फेसबुक लाइव के जरिए पुलिस-प्रशासन को चुनौती देता रहा।
पुलिस ने पूरे गांव को घेरकर सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान भरत तिवारी घर से निकलकर खेतों की ओर पहुंच गया और वहां भी पुलिस को ललकारता रहा। काफी देर तक आत्मसमर्पण के लिए समझाने के बावजूद आरोपी नहीं माना।
बताया जा रहा है कि फेसबुक लाइव के दौरान आरोपी ने एक बार फिर फायरिंग की और बाद में अपनी पिस्टल पुलिस के सामने फेंक दी। इसके बाद हुई कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दोनों पैरों की जांघ में लगी। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल भेजा गया है।

