राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका। पोटका प्रखंड की कोवाली पंचायत अंतर्गत पीतीदीरी गांव में 15वें वित्त आयोग से स्वीकृत पंचायत निधि से बनने वाले स्नान घाट निर्माण कार्य का शिलान्यास प्रभारी मुखिया काजल बारीक ने किया। शिलान्यास कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य सविता सरदार, मनोज सरदार, पंचायत समिति सदस्य देवेंद्र महतो, ग्राम प्रधान सीताराम महतो, मुखिया प्रतिनिधि सचिन बारीक, पूर्व पंचायत समिति सदस्य सोनका महतो, रत्नाकर महतो, राम कृष्ण महतो, नीलू महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
मौके पर प्रभारी मुखिया काजल बारीक ने कहा कि पंचायत क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। स्नान घाट के निर्माण से ग्रामीणों को काफी सुविधा मिलेगी तथा सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण में दैनिक उपयोग के कार्य संपन्न हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि पंचायत निधि का उपयोग जनहित के कार्यों में पारदर्शिता के साथ किया जा रहा है और आने वाले दिनों में भी क्षेत्र के विकास के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जाएंगी।
ग्रामीणों ने स्नान घाट निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताते हुए इसे गांव के लिए उपयोगी एवं आवश्यक योजना बताया। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से विकास कार्यों को इसी तरह आगे बढ़ाने की अपेक्षा व्यक्त की।

