साकची गोलचक्कर से स्ट्रेट माइल रोड तक चला नो-पार्किंग अभियान, कई वाहनों का चालान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और सड़क जाम की समस्या को कम करने के उद्देश्य से गुरुवार को साकची गोलचक्कर से लेकर स्ट्रेट माइल रोड तक विशेष अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व यातायात डीएसपी, जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) तथा यातायात पुलिस के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया।
इस दौरान सड़क किनारे नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान काटा गया, वहीं कई वाहनों को क्रेन की सहायता से उठाकर निर्धारित स्थल पर ले जाया गया।
अधिकारियों ने कहा कि नो-पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़ा करने से यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसलिए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
अभियान के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की भी सलाह दी गई। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे।

