राज्यसभा चुनाव पर सुप्रियो भट्टाचार्य का तंज, बोले- 16 और 21 विधायक वाले देख रहे सपना, जरूरत 28 विधायकों की
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची: झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने संवाददाता सम्मेलन में गठबंधन की राजनीति और राज्यसभा चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण बयान दिया।
सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं द्वारा विधायकों से समर्थन की अपील किए जाने पर उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा, “कांग्रेस के पास पर्याप्त संख्या बल नहीं है। उनका आवेदन-निवेदन मेरे पास आना चाहिए था, जिसके बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा उस पर विचार करता।”
उन्होंने स्पष्ट कहा कि गठबंधन धर्म के तहत अंतिम निर्णय लेने का अधिकार केवल हेमंत सोरेन को है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 से झामुमो लगातार गठबंधन धर्म का पालन कर रहा है और सभी सहयोगी दलों के साथ समन्वय बनाकर चल रहा है।
सुप्रियो भट्टाचार्य ने बिना किसी दल का नाम लिए कहा, “16 विधायक वाले और 21 विधायक वाले सपना देख रहे हैं, लेकिन राज्यसभा चुनाव में सफलता के लिए 28 विधायकों का समर्थन चाहिए।” उन्होंने कहा कि संख्या बल की वास्तविकता को समझे बिना राजनीतिक दावे करना उचित नहीं है।
झामुमो नेता ने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी के साथ उनकी पार्टी ने हमेशा त्याग और समर्पण की भावना से गठबंधन धर्म निभाया है और आगे भी गठबंधन की मर्यादाओं का सम्मान किया जाएगा।
नामांकन प्रक्रिया को लेकर उन्होंने जानकारी दी कि राज्यसभा चुनाव के नामांकन के दौरान झारखंड विधानसभा सामान्य दिनों की तरह खुली रहेगी और सभी संवैधानिक प्रक्रियाएं निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न होंगी।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सुप्रियो भट्टाचार्य के इस बयान ने राज्यसभा चुनाव को लेकर गठबंधन के भीतर चल रही चर्चाओं और संभावित रणनीतियों पर नई बहस छेड़ दी है।

