रांची एयरपोर्ट पर राज्यसभा प्रत्याशी प्रणव झा का भव्य स्वागत, कांग्रेस नेताओं ने जताया समर्थन
राष्ट्र संवाद संवादाता
रांची: झारखंड से राज्यसभा के प्रत्याशी एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव प्रणव झा का शुक्रवार को रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान उन्हें अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
स्वागत कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश को-ऑर्डिनेटर विजय खाँ, प्रदेश प्रवक्ता कमल ठाकुर, रियाज अंसारी, सुल्तान अहमद, गौतम, मन्नन संजय, उदय प्रकाश, नितिन परियर, मुन्ना खान, बॉबी खान सहित प्रदेश कांग्रेस के अनेक नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विजय खाँ ने इंडिया गठबंधन के सभी विधायकों से अपील करते हुए कहा कि वे एकजुटता का परिचय दें और झारखंड की दोनों राज्यसभा सीटों पर गठबंधन समर्थित उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि राज्यसभा में विपक्ष की आवाज को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सभी सहयोगी दलों एवं विधायकों का एकजुट रहना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने विश्वास जताया कि इंडिया गठबंधन के समर्थन से राज्यसभा चुनाव में सकारात्मक परिणाम प्राप्त होंगे और झारखंड की आवाज संसद के उच्च सदन में प्रभावी ढंग से उठाई जाएगी।

