रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आदित्यपुर नगर निगम द्वारा वार्ड संख्या 17 स्थित जयप्रकाश उद्यान में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। वार्ड पार्षद श्रीमती नीतू शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान लगभग 100 फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए। इनमें जामुन, नीम, आंवला, पीपल, अमरूद, काजू, आम समेत विभिन्न प्रजातियों के पौधे शामिल रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा शहर में हरित क्षेत्र का विस्तार करना था। इस अवसर पर आदित्यपुर नगर निगम के अपर आयुक्त रवि प्रकाश, उप अपर आयुक्त पारुल सिंह, महापौर संजय सरदार, उप महापौर अंकुर सिंह, नगर निगम के सभी वार्ड पार्षद, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही वार्ड 17 के बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी पौधरोपण में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। कार्यक्रम के अंत में लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया गया, ताकि आने वाले वर्षों में यह उद्यान क्षेत्र के लिए हरियाली और स्वच्छ पर्यावरण का उदाहरण बन सके।

