सिंदूर नदी में भाई-बहन के शव मिलने से सनसनी, मुन्ना सिंह ने जताया शोक, निष्पक्ष जांच की मांग
राष्ट्र संवाद संवादाता
हजारीबाग: सदर विधानसभा क्षेत्र के सिंदूर पंचायत भवन के समीप सिंदूर नदी में भाई-बहन के शव मिलने की दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुए दोनों भाई-बहन के शव अलग-अलग स्थानों से बरामद होने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, दोनों भाई-बहन पिछले कुछ दिनों से लापता थे। रविवार को बहन का शव सिंदूर नदी से बरामद किया गया, जबकि सोमवार को भाई का शव एक कुएं से मिला। घटना की सूचना मिलते ही पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह सदर अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
मुन्ना सिंह ने इस घटना को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताते हुए कहा कि एक साथ दो संतानों को खोना किसी भी परिवार के लिए असहनीय पीड़ा है। उन्होंने कहा कि यह घटना पूरे समाज को झकझोर देने वाली है और पीड़ित परिवार के दुख में वे पूरी तरह उनके साथ खड़े हैं।
उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और त्वरित जांच कराने की मांग की। साथ ही कहा कि यदि जांच में किसी भी प्रकार की आपराधिक संलिप्तता सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और कानून के प्रति लोगों का विश्वास बना रहे।
मुन्ना सिंह ने दिवंगत भाई-बहन की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की कामना की।
बताया जाता है कि मृतक भाई-बहन का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फैजाबाद का रहने वाला है। परिवार हजारीबाग जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र के कूद गांव में रहकर सड़कों और बाजारों में खिलौने बेचकर अपना जीवनयापन करता था। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

