राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर में भारतीय जननाट्य संघ (इप्टा) द्वारा प्रसिद्ध फिल्मकार, लेखक और पत्रकार ख्वाजा अहमद अब्बास की स्मृति में सात दिवसीय बालरंग कार्यशाला का शुभारंभ धातकीडीह कम्युनिटी सेंटर में हुआ। छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध नाचा लोकनाट्य शैली के प्रख्यात कलाकार एवं निर्देशक निसार अली के निर्देशन में आयोजित इस कार्यशाला में 22 बाल कलाकार भाग ले रहे हैं। कार्यशाला के उद्घाटन अवसर पर निसार अली ने कहा कि नाटक केवल अभिनय नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला और अनुशासन का माध्यम है। बच्चों को स्पीच, मूवमेंट, नृत्य, अभिनय, वॉइस प्रोजेक्शन तथा रचनात्मक अभिव्यक्ति का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पहले दिन बच्चों ने खेल-खेल में अभिनय की बारीकियां सीखीं और उनके बनाए प्रेरणादायक पोस्टरों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। इप्टा के पदाधिकारियों, साहित्यकारों और सांस्कृतिक हस्तियों की उपस्थिति में शुरू हुई यह कार्यशाला 7 जून को ट्राइबल कल्चर सेंटर में बच्चों की नाट्य प्रस्तुति के साथ संपन्न होगी।

