पुरानी रंजिश में हुई थी विकास सिंह की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। उलीडीह थाना क्षेत्र में हुए विकास सिंह हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज कुटिया और राजू कुंभकार के रूप में हुई है। दोनों उलीडीह क्षेत्र के निवासी हैं।
सोमवार को एसएसपी पीयूष पांडेय ने बताया कि शंकोसाईं रोड नो २ निवासी विकास सिंह की हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई थी। आरोपियों ने विकास को नशा करने के बहाने बुलाया और आदिवासी क्लब के पास ले जाकर चाकू एवं लोहे के रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस जांच में सामने आया कि राजू कुंभकार अपने मौसेरे भाई सौरभ शर्मा उर्फ पवन की हत्या का बदला लेना चाहता था। उस मामले में विकास सिंह के छोटे भाई विक्की सिंह का नाम सामने आया था। विक्की के जेल से बाहर आने के बाद भी आरोपी उस तक नहीं पहुंच सके, जिसके कारण उन्होंने विकास सिंह को निशाना बनाया।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

