आत्महत्या रोकथाम सामाजिक जिम्मेदारी, जिला प्रशासन हरसंभव सहयोग को तत्पर उपायुक्त
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राजीव रंजन ने बिष्टुपुर स्थित एसएनटीआई परिसर में संस्था ‘जीवन’ द्वारा आयोजित आत्महत्या रोकथाम एवं मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े दो दिवसीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इससे पूर्व उन्होंने 25 क्यू रोड स्थित ‘जीवन केंद्र’ का भ्रमण कर संस्था की कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
उपायुक्त ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य और आत्महत्या रोकथाम केवल किसी एक संस्था का नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने इस दिशा में जिला प्रशासन द्वारा हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
संस्था के निदेशक डॉ. जे.आर. जेन ने बताया कि वर्ष 2006 में स्थापित ‘जीवन’ संस्था अंतरराष्ट्रीय संगठन Befrienders Worldwide, UK से संबद्ध है और संकटग्रस्त लोगों को भावनात्मक सहयोग प्रदान करने का कार्य करती है। कार्यक्रम में 25 स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं।
संस्था ने आने वाले वर्षों में आत्महत्या की घटनाओं में 50 प्रतिशत तक कमी लाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए हेल्पलाइन सेवाओं के विस्तार, 24×7 उपलब्धता और व्यापक जनजागरूकता पर विशेष जोर दिया जा रहा है। कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारी, प्रशिक्षक एवं स्वयंसेवक उपस्थित थे।

