ओल्ड एज होम में डालसा का कानूनी जागरूकता शिविर, सीनियर सिटीजन एक्ट की दी जानकारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) द्वारा 90 दिवसीय गहन विधिक जागरूकता अभियान के तहत बाराद्वारी स्थित ओल्ड एज होम में कानूनी जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष अरविन्द कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
शिविर में मुख्य अतिथि डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी ने वरिष्ठ नागरिकों को सीनियर सिटीजन एक्ट की जानकारी देते हुए कहा कि यह कानून बुजुर्गों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करता है। उन्होंने बताया कि माता-पिता की उपेक्षा करने या संपत्ति हड़पने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है तथा भरण-पोषण से जुड़े मामलों का निपटारा 90 दिनों के भीतर किया जाता है।
मध्यस्थ अधिवक्ता के.के. सिन्हा ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक जरूरत पड़ने पर अपनी संपत्ति वापस पाने के लिए न्यायाधिकरण का सहारा ले सकते हैं। वहीं लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्य विजय तिवारी ने प्रोजेक्ट मानवता के तहत निःशुल्क कानूनी सहायता एवं सामाजिक सहयोग योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में ओल्ड एज होम के वृद्धजनों ने अपनी समस्याएं और अनुभव साझा किए। शिविर के बाद डालसा सचिव ने ओल्ड एज होम का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

