राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला जिला मुख्यालय में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिला अध्यक्ष हरे कृष्णा प्रधान ने किया। धरना के दौरान जिले में गहराते बिजली संकट और पेयजल समस्या को लेकर सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला गया। वक्ताओं ने कहा कि भीषण गर्मी और सुखाड़ जैसे हालात के बीच आम जनता बिजली कटौती और जल संकट से त्रस्त है, लेकिन सरकार समाधान निकालने में विफल साबित हो रही है। हरे कृष्णा प्रधान ने जिला प्रशासन को करीब 300 खराब चापाकलों की सूची सौंपते हुए उन्हें जल्द दुरुस्त कराने की मांग की। साथ ही बिजली बिलों में गड़बड़ी और स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों का मुद्दा भी जोरदार तरीके से उठाया गया। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार बिजली बिल माफी का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर गरीब उपभोक्ताओं को हजारों रुपये के बकाया बिल थमाए जा रहे हैं। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द नहीं चेती तो पार्टी राज्यव्यापी उग्र जन आंदोलन शुरू करेगी। नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह धरना केवल चेतावनी है और जनता के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगी। धरना कार्यक्रम में दिनेशानंद गोस्वामी, अभय सिंह, उदय प्रताप सिंह देव, संजय सरदार, अमित सिंह बॉबी समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

