गिरिडीह सदर अस्पताल में लापरवाही का आरोप, बिना रैपर की स्लाइन चढ़ाने से छात्रा की हालत बिगड़ी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गिरिडीह सदर अस्पताल में कथित लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां इलाज के दौरान एक छात्रा की हालत अचानक बिगड़ गई। परिजनों का आरोप है कि छात्रा को बिना रैपर लगी स्लाइन चढ़ा दी गई, जिससे उसकी तबीयत खराब हो गई।
बताया जा रहा है कि अरगाघाट रोड निवासी सुरेंद्र श्रीवास्तव की पुत्री नम्रता अखोरी को तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान स्लाइन चढ़ाए जाने के कुछ ही देर बाद उसकी स्थिति बिगड़ने लगी और उसे ठंड लगने लगी। इसके बाद परिजन उसे दूसरे डॉक्टर के पास ले गए, जहां नई दवा और स्लाइन देने पर उसकी हालत में सुधार हुआ।
परिजनों ने आरोप लगाया कि पहले लगाए गए स्लाइन की बोतल पर कोई रैपर नहीं था। जब उन्होंने इस संबंध में डॉक्टरों से सवाल किया, तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला, जिससे नाराज होकर उन्होंने अस्पताल परिसर में हंगामा किया और कार्रवाई की मांग की।
मामले पर सिविल सर्जन डॉ. बच्चा सिंह ने कहा कि घटना की जांच कराई जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि अस्पताल में बिना रैपर या एक्सपायरी दवाओं के उपयोग की अनुमति नहीं है।
फिलहाल, इस घटना ने जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और परिजन दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

