छायानगर गोलीकांड का खुलासा: चार आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित छायानगर में 31 मार्च 2026 की रात करीब 9:30 बजे हुए सनसनीखेज हमले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। इस घटना में अपराधियों ने नंदू लोहार उर्फ नंदू कर्मकार और सन्नी पुष्टि पर गोली एवं चापड़ से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
घटना के बाद घायल नंदू लोहार के फर्द बयान के आधार पर सीतारामडेरा थाना में कांड संख्या 35/2026 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-प्रथम) भोला प्रसाद सिंह कर रहे थे।
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर मामले में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान करण वर्मा (21 वर्ष), निर्भय सिंह उर्फ छोटका (19 वर्ष), संतोष वर्मा उर्फ मुन्ना (21 वर्ष) और कुणाल मुंडा उर्फ छिला (23 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी आरोपी छायानगर, सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने बताया कि चारों आरोपी मानगो बस स्टैंड से गिरफ्तार किए गए, जहां वे बस के माध्यम से पटना भागने की फिराक में थे। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा, तीन चापड़ और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है और अन्य संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

