जमशेदपुर सांसद बिद्युत बरण महतो की पहल पर बहरागोड़ा में ₹80 करोड़ की सड़क परियोजना को मिली मंजूरी।
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के सांसद श्री बिद्युत बरण महतो की सक्रिय पहल और निरंतर प्रयासों का परिणाम अब जमीन पर दिखने लगा है। उनके प्रयासों से बहरागोड़ा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-18 पर फ्लाईओवर, अंडरपास और सर्विस रोड निर्माण की बहुप्रतीक्षित परियोजना को मंजूरी मिल गई है।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा जारी लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस (LOA) के अनुसार, इस परियोजना की कुल लागत ₹80.24 करोड़ निर्धारित की गई है। यह कार्य मैसर्स एस.आर. कंस्ट्रक्शन को सौंपा गया है।
परियोजना के तहत फुलडुंगरी में लाइट व्हीकल अंडरपास (LVUP), बहरागोड़ा बस स्टैंड/पीडब्ल्यूडी चौक के समीप व्हीकल अंडरपास (VUP), तथा एनएच-43 और एनएच-32 (नया एनएच-18) के संगम स्थल पर फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। साथ ही सभी स्थलों पर सर्विस रोड का भी निर्माण होगा, जिससे स्थानीय यातायात को सुगम बनाया जा सके।
सांसद श्री बिद्युत बरण महतो ने इस स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बहरागोड़ा क्षेत्र में लगातार बढ़ती यातायात समस्या और दुर्घटनाओं को देखते हुए यह परियोजना अत्यंत आवश्यक थी। उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल जाम की समस्या को कम करेगी, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति प्रदान करेगी।
उन्होंने आगे कहा कि वे क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार केंद्र सरकार और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य कर रहे हैं। आने वाले समय में भी क्षेत्र की आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए इसी तरह के प्रयास जारी रहेंगे।
इस परियोजना के पूर्ण होने से बहरागोड़ा और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुरक्षित, तेज और सुगम हो सकेगा, जिससे आम जनता को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

