सिदगोड़ा सूर्य मंदिर परिसर में 52वां राजिम महोत्सव आयोजित, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने एकता पर दिया जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर :तैली साहू समाज एवं महिला तैली साहू समाज के तत्वावधान में रविवार को सिदगोड़ा सूर्य मंदिर परिसर में कुलदेवी माता राजिम जयंती के अवसर पर 52वां राजिम महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 9 बजे सत्यनारायण पूजा से हुई। इस अवसर पर केंद्रीय अध्यक्ष मनमोहन लाल साहू ने समाज का झंडा फहराया और सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, विशिष्ट अतिथि जमशेदपुर पूर्व की विधायक पूर्णिमा दास साहू तथा सम्मानित अतिथि पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार और समाजसेवी डॉ. जे.के. देवांगन उपस्थित थे। सभी अतिथियों ने माता कर्मा और माता राजिम के चित्रों पर दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

अपने संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राजिम महोत्सव समाज की एकता और संस्कृति को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि कलयुग में वही मजबूत होगा जो संगठित रहेगा, इसलिए साहू समाज को एकजुट रहना चाहिए। उन्होंने बेटों के साथ बेटियों को भी शिक्षित करने पर जोर देते हुए अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नारी शक्ति को नमन किया।
विधायक पूर्णिमा दास साहू ने कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भागीदारी जरूरी है और माता राजिम के आदर्शों पर चलकर समाज को आगे बढ़ाना चाहिए। वहीं पूर्व भाजपा अध्यक्ष दिनेश कुमार ने युवाओं से समाज की संस्कृति और परंपरा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में समाज के केंद्रीय एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों, मुखिया और महिला प्रतिनिधियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही समाज के मेधावी बच्चों को प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। केंद्रीय महिला अध्यक्षा जया साहू ने माता राजिम की जीवनी पर प्रकाश डाला, जबकि केंद्रीय महामंत्री रामनरेश साहू ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में राम साहू के.के. ग्रुप और सरस्वती कला मंच, सोनारी द्वारा छत्तीसगढ़ी लोकगीतों और गणेश वंदना के साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिस पर उपस्थित लोग झूम उठे। महोत्सव में लगभग पांच हजार लोगों ने माता का प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम का स्वागत भाषण केंद्रीय अध्यक्ष मनमोहन लाल साहू ने दिया, जबकि मंच संचालन त्रिवेंद्र कुमार साहू, प्रीति साहू और नीतू साहू ने किया। धन्यवाद ज्ञापन केंद्रीय उपाध्यक्ष गिरवर प्रसाद साहू ने किया। राजिम महोत्सव को सफल बनाने में समाज के कई पदाधिकारियों और सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

