रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
आरआईटी थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह ने क्षेत्र में फैलाई जा रही बच्चा चोरी की अफवाहों को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। बीते दिनों एक महिला और पुरुष पर स्थानीय लोगों द्वारा बच्चा चोरी का आरोप लगाया गया था, लेकिन पुलिस की प्रारंभिक जांच में सभी आरोप निराधार और झूठे पाए गए। थाना प्रभारी ने स्पष्ट कहा कि अफवाह को बढ़ावा देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि बिना सत्यापन के किसी भी सूचना पर विश्वास न करें। गलत अफवाहों के कारण निर्दोष लोग परेशान हो रहे हैं और कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित होती है। यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध प्रतीत होता है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि पुलिस जांच कर आवश्यक कार्रवाई कर सके। थाना प्रभारी ने चेतावनी दी कि कानून को अपने हाथ में लेने की कोशिश करने वालों को आगे चलकर गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि “आपकी एक गलती जिंदगी में बड़ी मुसीबत खड़ी कर सकती है।” अंत में उन्होंने क्षेत्रवासियों से शांति बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

