एक्सएलआरआइ के ‘नेक्सकॉन 2026’ में 1500 युवाओं की भागीदारी, 4 स्टार्टअप्स ने किया लाइव पिच
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। एक्सएलआरआइ के इनक्यूबेशन सेंटर ‘एक्सीड’ और छात्र संगठन ‘नेक्सोरा’ द्वारा आयोजित ‘नेक्सकॉन 2026’ में देशभर के 1500 से अधिक युवाओं ने भाग लिया। टाटा ऑडिटोरियम में आयोजित इस स्टार्टअप समिट में 1000 प्रतिभागी ऑफलाइन और 500 ऑनलाइन जुड़े। कार्यक्रम का उद्घाटन डायरेक्टर फादर एस. जॉर्ज और एक्सीड के सीईओ प्रो. सुनील कुमार सारंगी ने किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘शार्क टैंक’ की तर्ज पर लाइव पिचिंग सेशन रहा। 200 से अधिक स्टार्टअप्स में से कड़ी स्क्रीनिंग के बाद 4 स्टार्टअप्स—एक्सएल स्टाइड्स, योगिता बायोफार्मिंग, लेबर लिंक और हे-डू टेक—को निवेशकों के सामने अपना आइडिया प्रस्तुत करने का अवसर मिला।
मुख्य अतिथि नेस्टासिया की फाउंडर अदिति मुरारका अग्रवाल और उद्यमी-अभिनेता अरिजीत दत्ता ने युवाओं को जोखिम लेने और नवाचार के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। “जीरो टू वन” विषय पर आयोजित पैनल चर्चा में निवेशकों और बैंक अधिकारियों ने फंडिंग व स्टार्टअप चुनौतियों पर मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम में श्रीनाथ यूनिवर्सिटी, बिप्स सरायकेला सहित विभिन्न संस्थानों के छात्रों और प्रोफेशनलों की सक्रिय भागीदारी रही।

