बागान शाही में बन्ना गुप्ता की पदयात्रा, सुधा गुप्ता के लिए मांगे वोट
राष्ट्र संवाद संवाददाता
मानगो। झारखंड प्रदेश के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री श्री बन्ना गुप्ता ने मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर अपनी पत्नी एवं मेयर प्रत्याशी सुधा गुप्ता के समर्थन में बागान शाही क्षेत्र में व्यापक पदयात्रा निकाली। इस दौरान उन्होंने क्रॉस रोड नंबर 1, 3, 4, 5, 6, 7 और 9 में डोर-टू-डोर संपर्क कर लोगों से समर्थन और वोट की अपील की।

पदयात्रा के दौरान अंसार खान ने कहा कि बागान शाही क्षेत्र की जनता ने श्री बन्ना गुप्ता को पूर्ण समर्थन देने का आश्वासन दिया है। उन्होंने स्थानीय बस्तीवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र की सड़कों का निर्माण, गली-गली में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था, फ्लाईओवर का निर्माण, डिमना रोड स्थित अस्पताल तथा साकची में 700 बेड का अस्पताल—ये सभी विकास कार्य बन्ना गुप्ता की देन हैं।
अंसार खान ने लोगों से अपील की कि वे 23 तारीख को अपने घरों से निकलकर गुलाबी बैलेट पेपर पर क्रम संख्या 11, चुनाव चिन्ह ‘कारपेट’ पर मुहर लगाकर सुधा गुप्ता को विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि सुधा गुप्ता की जीत क्षेत्र के विकास की निरंतरता सुनिश्चित करेगी।
पदयात्रा का नेतृत्व शेर अली उर्फ शेरू, मोहम्मद नवाब, मोहम्मद शाहिद, शमशेर और नेपाली भाई ने किया। इस अवसर पर मानगो क्षेत्र के बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।

