मानगो मेयर चुनाव: कुमकुम श्रीवास्तव ने दाखिल किया नामांकन, भाजपा की अंदरूनी खींचतान उजागर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। मानगो नगर निगम मेयर चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां और तेज हो गई हैं। भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष राजकुमार श्रीवास्तव की पत्नी कुमकुम श्रीवास्तव ने बुधवार को उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर मेयर प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया। इस दौरान राजकुमार श्रीवास्तव भी उनके साथ मौजूद रहे।
गौरतलब है कि भाजपा ने मानगो मेयर पद के लिए आधिकारिक रूप से संध्या सिंह को समर्थन देने की घोषणा की है। ऐसे में कुमकुम श्रीवास्तव के नामांकन से भाजपा के भीतर चल रही अंदरूनी खींचतान और असंतोष खुलकर सामने आ गया है।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, इस घटनाक्रम से मानगो मेयर चुनाव का मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है। पार्टी के भीतर मतभेदों के बीच यह देखना अहम होगा कि इसका असर भाजपा समर्थित प्रत्याशी की चुनावी रणनीति और परिणाम पर किस रूप में पड़ता है।

