जामताड़ा में साइबर अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर अपराध थाना जामताड़ा के पुलिस निरीक्षक मो. फारूक के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में पु.नि. प्रकाश सेठ, स.अ.नि. ईश्वर मरांडी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रिंगोचिंगो जाने वाले कच्चे रास्ते से लगभग 500 मीटर आगे मैदान के बीच बने एक तालाब के पास छापामारी की। छापेमारी के दौरान साइबर अपराध करते हुए तीन आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में जमील अंसारी (20 वर्ष), आरीफ अंसारी (26 वर्ष) एवं सलामत अंसारी (26 वर्ष) शामिल हैं। तीनों आरोपी करमाटांड़ थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने इनके पास से 10 मोबाइल फोन एवं 9 सिम कार्ड बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी गूगल पर “TATA Card” सर्च कर फर्जी लॉगिन के माध्यम से 100 अंकों का इनपुट डालकर वैध क्रेडिट कार्ड नंबर प्राप्त करते थे और उसी के जरिए साइबर ठगी को अंजाम देते थे।
इस संबंध में जामताड़ा साइबर अपराध थाना कांड संख्या 06/26, दिनांक 30.01.2026 दर्ज किया गया है। मामला बीएनएस 2023, आईटी एक्ट एवं टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार अपराध का प्रभाव क्षेत्र संपूर्ण भारत है और आगे की जांच जारी है।

