जमशेदपुर में स्मॉल एंड मीडियम बिल्डर एसोसिएशन का गठन, बिल्डरों की समस्याओं के समाधान पर रहेगा जोर संरक्षक शिवशंकर सिंह, अध्यक्ष हुए नीरज सिंह
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। शहर में स्मॉल एंड मीडियम बिल्डर एसोसिएशन का औपचारिक गठन कर दिया गया। इस संबंध में साकची स्थित एक निजी होटल के सभागार में आयोजित बैठक के बाद एसोसिएशन की घोषणा की गई। इसके संरक्षक शिवशंकर सिंह, अध्यक्ष नीरज सिंह, तथा सचिव एवं कोषाध्यक्ष के नाम भी घोषित किए गए।
एसोसिएशन गठन का मुख्य उद्देश्य शहर के छोटे और मध्यम बिल्डरों की हर समस्या का समाधान करना है। संरक्षक शिवशंकर सिंह ने कहा कि बिल्डरों का लगातार शहर से पलायन हो रहा है, जिसे रोकने के लिए यह एसोसिएशन जरूरी था। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण बायलॉज के कारण बिल्डरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है, इसलिए सरकार को इसमें आवश्यक नरमी लानी चाहिए, ताकि निर्माण कार्य सुगमता से हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर के किसी भी स्मॉल या मीडियम बिल्डर की समस्या का समाधान एसोसिएशन करेगा।
अध्यक्ष नीरज सिंह ने कहा कि झारखंड और जमशेदपुर में कई स्थानों पर आदिवासी भूमि की जटिलताएं बिल्डरों के लिए चुनौती बनती हैं। वहीं जुस्को क्षेत्र में बिल्डरों को लीज मिलने के कारण फ्लैट बेचने में कठिनाइयाँ आती हैं। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन सरकार का ध्यान इन समस्याओं की ओर आकर्षित करेगा, ताकि बिल्डरों को अनावश्यक परेशानियों से राहत मिल सके।

