संविधान दिवस पर समाहरणालय सभागार में अधिकारियों-कर्मियों द्वारा प्रस्तावना का सामूहिक पठन
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर 2025 को समाहरणालय सभागार, जामताड़ा में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मियों ने सामूहिक रूप से संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार ने की।
इस मौके पर उन्होंने सभी को संविधान दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि संविधान देश के लोकतांत्रिक ढांचे का दृढ़ आधार है। उन्होंने बताया कि 26 नवंबर 1949 को संविधान तैयार हुआ था, इसलिए इस दिन को संविधान दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि संविधान न केवल देश की एकता और अखंडता का प्रतीक है, बल्कि यह नागरिकों में अधिकार, कर्तव्य और मूल्यों की समझ विकसित करता है। समाज में संविधान के महत्व का प्रसार करना और इसके प्रति जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सत्यप्रकाश, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि, जिला आपूर्ति पदाधिकारी कयूम अंसारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी सुजीत कुमार सिंह, जिला मत्स्य पदाधिकारी रितु रंजन सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं समाहरणालय संवर्ग के कर्मी उपस्थित थे।
कार्यक्रम में सभी ने संविधान के प्रति सम्मान और उसके पालन का संकल्प दोहराया।

