संविधान दिवस पर जिला प्रशासन ने किया प्रस्तावना का सामूहिक पाठ
समाहरणालय से लेकर प्रखंड कार्यालयों तक गूँजा लोकतांत्रिक मूल्यों का संदेश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। संविधान दिवस के अवसर पर बुधवार को समाहरणालय परिसर में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद सहित बड़ी संख्या में जिला स्तरीय पदाधिकारियों व कर्मियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया।
अधिकारियों ने संविधान के प्रति अपनी निष्ठा दोहराई और संविधान निर्माताओं के आदर्शों को याद किया। उपायुक्त ने कहा कि संविधान राष्ट्र के लोकतांत्रिक ढांचे की नींव है तथा न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे मूल्य प्रत्येक नागरिक द्वारा व्यवहार में उतारे जाने चाहिए। उन्होंने सभी कर्मचारियों से कर्तव्यनिष्ठा, पारदर्शिता और सेवा भाव के साथ कार्य करने की अपील की।
इसी क्रम में जिले के सभी अनुमंडल और प्रखंड कार्यालयों, विभागीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और सरकारी प्रतिष्ठानों में भी प्रस्तावना का पाठ हुआ। सामूहिक कार्यक्रमों के माध्यम से संविधान के प्रति सम्मान, लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण और नागरिक कर्तव्यों के पालन का संदेश दिया गया।

