सीताराम डेरा में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, डेढ़ दर्जन दुकानें हटाईं
दुकानदार बोले– बिना सूचना उजाड़ा रोज़गार, प्रशासन ने कहा– सड़क चौड़ीकरण जरूरी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जिला प्रशासन और जुस्को की संयुक्त टीम ने बुधवार को सीताराम डेरा थाना क्षेत्र स्थित श्मशान घाट के पास अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान करीब डेढ़ दर्जन दुकानों को हटाया गया।

JNAC के अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि उक्त स्थान पर सड़क चौड़ीकरण का कार्य होना है, इसी कारण अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि शहर को जाम और अव्यवस्था से मुक्त करने के लिए यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
वहीं दूसरी ओर प्रभावित दुकानदारों ने आरोप लगाया कि बिना पूर्व सूचना के उनके दुकानों को हटाया गया। दुकानदारों का कहना है कि वे पिछले 18 वर्षों से यहां दुकान लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। अचानक हुई कार्रवाई से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।
उल्लेखनीय है कि जमशेदपुर में अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी है और प्रशासन का दावा है कि इसका लक्ष्य शहर को अतिक्रमण मुक्त और सुगम यातायात वाला बनाना है।

