पोटका डिग्री कॉलेज के दोबारा शिलान्यास पर उठा विवाद, नेताओं ने पूछा– सस्ती लोकप्रियता या राजनीतिक लाभ?
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा। पोटका के खड़ियासाई मौजा में बन रहे डिग्री कॉलेज के विधायक संजीव सरदार द्वारा दोबारा शिलान्यास किए जाने पर राजनीतिक हलकों में सवाल उठने लगे हैं। जेएलकेएम नेता एवं पोटका के पूर्व प्रत्याशी बिल्टू हांसदा ने इसे सस्ती लोकप्रियता पाने का प्रयास बताया।
बिल्टू हांसदा ने कहा कि डिग्री कॉलेज का शिलान्यास पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने पहले ही 2024 में कर दिया था, ऐसे में दोबारा शिलान्यास करना अनुचित है। साथ ही उन्होंने पूछा कि “एक वर्ष बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू क्यों नहीं हुआ? इस पर विधायक को जवाब देना चाहिए।”
उन्होंने बताया कि कॉलेज का प्रस्तावित स्थल मूल रूप से कोवाली के गंगाडीह था, लेकिन सामाजिक कार्यकर्ता करुणामय मंडल, कांग्रेस नेता जयराम हांसदा, जेएलकेएम नेता भागीरथी हांसदा और स्थानीय लोगों की आपत्तियों के बाद तत्कालीन उपायुक्त सूरज कुमार को मांग पत्र सौंपा गया। इसके आधार पर सरकार ने स्थान बदलकर खड़ियासाई मौजा को अनुमोदित किया।
डिग्री कॉलेज के दोबारा शिलान्यास को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है।

