जगजोत सिंह सोही क़ौम से माफी मांगे : कुलबिंदर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। क़ौमी सिख मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं गुरु गोविंद सिंह गर्ल्स हाई स्कूल के पूर्व सचिव अधिवक्ता कुलबिंदर सिंह ने तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब प्रबंधन कमेटी के कार्यकारी प्रधान जगजोत सिंह सोही को कौम एवं पंथ से माफी मांगने की सलाह दी है।
कुलबिंदर सिंह के अनुसार सिख पंथ के पांच महान तख्तों में से तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब एक है। यहां गुरु गोविंद सिंह जी की जन्मस्थली है और देश दुनिया के सिखों की श्रद्धा भावना यहां से जुड़ी हुई है। सभी की नजरे तख्त के हर फैसले एवं कृत्य पर रहती है। खालसा पंथ द्वारा स्थापित और कालांतर में श्री अकाल तख्त साहिब जी द्वारा मान्य रीति रिवाज, परंपरा, मर्यादा का अनुपालन करना हर सच्चे सिख का फर्ज है।
क्या उस फर्ज अथवा पंथ से प्रधान जगजोत सिंह सोही ऊपर हैं? नहीं बल्कि उन्हें तो सच्चे मन एवं श्रद्धा के साथ अनुपालन करना है, जो दुनिया के अन्य सिखों के लिए अनुकरणीय, सराहनीय एवं प्रेरक प्रसंग बने।
लेकिन उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मामले में जो कुछ किया है पंथ और क़ौम उन्हें माफ नहीं करेगी। यह तस्वीर भेंट कर रहे हैं और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सर ढका हुआ नहीं है। जबकि नीतीश कुमार जब श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष मत्था टेकने और शुकराना अदा करने पहुंचे थे तो उन्होंने सर को ढक रखा था। वे गुरु दरबार से प्रबंधन कार्यालय पहुंचे तो वहां उन्हें तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया।

