घाटशिला विधानसभा : किसके सिर सजेगा ताज, फैसला आज सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू
सबसे पहले होगी पोस्टल बैलेट मतों की गिनती, तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : घाटशिला विधानसभा उपचुनाव का नतीजा अब कुछ ही घंटों में सामने आने वाला है। 14 नवंबर को यह तय हो जाएगा कि इस सीट पर अगला विधायक कौन बनेगा। मतगणना की प्रक्रिया जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज परिसर में सुबह 8 बजे से शुरू होगी।

कुल 300 कर्मियों की तैनाती के साथ 20 टेबलों पर 15 राउंड तक मतगणना की जाएगी। सबसे पहले पोस्टल बैलेट के मतों की गिनती होगी। इस उपचुनाव में 118 मतदान कर्मियों ने पोस्टल बैलेट से वोटिंग की है। मतगणना केंद्र में पोस्टल बैलेट मतों की गणना के लिए विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था
स्ट्रांग रूम की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने तीन स्तरों पर सुरक्षा घेरा तैयार किया है।
पहले स्तर पर सीआईएसएफ के जवान
दूसरे स्तर पर जैप (झारखंड आर्म्ड पुलिस)
तीसरे स्तर पर स्थानीय पुलिस की तैनाती की गई है।
स्ट्रांग रूम परिसर में 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की गई है। साथ ही, राजनीतिक दलों के अधिकृत एजेंटों के लिए निगरानी की अनुमति भी दी गई है। स्ट्रांग रूम के बाहर बने दलों के कैंपों में कार्यकर्ता डटे हुए हैं और लगातार गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं।
प्रत्याशियों में उत्सुकता, कार्यकर्ताओं में जोश
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रत्याशी सोमेश सोरेन ने कहा कि “हमारी जीत निश्चित है और पार्टी पूरी तरह से आश्वस्त है।” उन्होंने बताया कि यह जीत खुशी की नहीं बल्कि जनता के विश्वास की जीत होगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है और वे स्वयं भी कैंप में रहकर लगातार निगरानी कर रहे हैं।

