हेमंत सरकार की नीति-नीयत में फर्क, पिछड़ा समाज से किया विश्वासघात : आदित्य साहू
सांसद विद्युत वरुण महतो बोले जनता सबक सिखाने को तैयार, भाजपा ही दे सकती है न्याय
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : झारखंड भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने गुरुवार को साकची स्थित होटल दयाल इंटरनेशनल में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि झामुमो-कांग्रेस-राजद की ठगबंधन सरकार ने पिछड़ा समाज से वादा तोड़कर विश्वासघात किया है। चुनाव के दौरान 27% आरक्षण देने का वादा किया गया, लेकिन नगर निकाय चुनाव में सरकार ने सिर्फ 14% आरक्षण देकर अपनी नीयत स्पष्ट कर दी। उन्होंने कहा कि यह सरकार केवल वोट लेने के लिए वादे करती है, निभाने की नीयत नहीं रखती।
उन्होंने कहा कि न्यायालय के आदेश के बाद ही सरकार ने ट्रिपल टेस्ट की प्रक्रिया पूरी की, अन्यथा पंचायत चुनाव बिना आरक्षण के करा दिए गए थे। भाजपा सरकार ने हमेशा पिछड़ा वर्ग को सम्मान और अधिकार दिलाने का कार्य किया है।
इस मौके पर जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरुण महतो ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार ने हर वर्ग के साथ धोखा किया है। पिछड़े, आदिवासी, दलित, युवा और किसान—कोई भी इस सरकार से खुश नहीं है। उन्होंने कहा, “जनता अब सब कुछ समझ चुकी है और आने वाले चुनाव में ठगबंधन सरकार को करारा जवाब देगी। भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो सबको न्याय और सम्मान देने में विश्वास रखती है।”
प्रेस वार्ता में हटिया के विधायक नवीन जायसवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा और जिला मीडिया प्रभारी प्रेम झा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

