17 सितंबर से 16 अक्टूबर तक मनाया जा रहा 8वां राष्ट्रीय पोषण माह
उपायुक्त ने पोषण जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी, लोगों को सही आहार और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का होगा प्रयास
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। 8वें राष्ट्रीय पोषण माह-2025 के तहत सोमवार को समाहरणालय परिसर से उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने पोषण जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद, डीटीओ धनंजय, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती संध्या रानी, सीडीपीओ और महिला पर्यवेक्षिका मौजूद रहे।
जागरूकता रथ जिले के धालभूम और घाटशिला अनुमंडल के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों, टोला-मोहल्लों और हाट-बाजारों में भ्रमण कर लोगों को कुपोषण और सही पोषण के प्रति जागरूक करेगा। उपायुक्त ने उपस्थित प्रतिभागियों को पोषण शपथ भी दिलाई और कहा कि कुपोषण की समस्या को खत्म करने के लिए सही आहार, सही आदतें और स्वच्छता को बढ़ावा देना जरूरी है।
पोषण रथ के माध्यम से टीकाकरण, पौष्टिक आहार, स्वच्छता, डायरिया और अनीमिया की रोकथाम, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना जैसी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। विशेष रूप से गर्भवती महिलाएं, धात्री माताएं, नवजात शिशु, किशोरियों और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य पर फोकस रहेगा।
इस वर्ष पोषण माह की थीम में मोटापे से मुक्ति (नमक, चीनी, तेल का सीमित सेवन), स्थानीय खाद्य पदार्थों को बढ़ावा, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (“पोषण भी पढ़ाई भी”), डिजिटलीकरण और पुरुषों की सहभागिता पर विशेष बल दिया गया है। 17 सितंबर से 16 अक्टूबर तक प्रतिदिन जिले में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

