जनता दरबार में उमड़ी फरियादियों की भीड़; 75 से अधिक लोगों ने उपायुक्त के समक्ष रखी अपनी शिकायतें
राष्ट्र संवाद संवादवाता
जामताड़ा: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, जामताड़ा श्री रवि आनंद (भा०प्र०से०) के द्वारा कार्यालय के सभागार प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन कर आमजनों की समस्याओं को सुना गया।
_*75 से अधिक आवेदनों पर हुई सुनवाई; कई समस्याएं हुई ऑन स्पॉट निष्पादित*_
जनता दरबार में करीब 75 से अधिक फरियादियों ने अपनी शिकायतें को उपायुक्त के समक्ष रखा। उपायुक्त द्वारा सभी समस्याओं को सुनते हुए अग्रतर कार्रवाई हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया वहीं कई समस्याओं का ऑन स्पॉट समाधान किया गया। जनता दरबार में जमीन विवाद, मईया सम्मान योजना की राशि नहीं मिलने, भूमि सीमांकन, अवैध कब्जा, अबुआ आवास, पीएम आवास, बरसात में आवास गिरने के कारण आपदा के तहत मुआवजा राशि की मांग करने, भू अर्जन से जुड़े मामले, अत्यधिक बिजली बिल की शिकायत, शिक्षक द्वारा वेतन नहीं मिलने की शिकायत, गलत वंशावली बना देने, तालाब निर्माण, होल्डिंग टैक्स, बेटे द्वारा अपने बुजुर्ग पिता से मारपीट करने सहित विभिन्न प्रकार शिकायतें प्राप्त हुई। उपायुक्त ने सभी शिकायतों को गंभीरतापूर्वक बारी बारी से सुनकर शिकायतों के त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को ऑन स्पॉट निर्देशित किया। इस दौरान कई समस्याओं का ऑन स्पॉट समाधान भी किया गया।
_*बुजुर्ग पिता ने लगाई गुहार, बड़े बेटे के द्वारा किया जाता है मारपीट; उपायुक्त ने एसडीओ को कार्रवाई हेतु दिए निर्देश*_
जनता दरबार में मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया। हुआ यूं कि एक बुजुर्ग व्यक्ति ने अपने बड़े बेटे के द्वारा मारपीट करने से संबंधित उपायुक्त से गुहार लगाई। वो अपनी शिकायत बताते हुए फफक पड़े। उपायुक्त ने उन्हें ढांढस बढ़ाते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी को जांच करने एवं जांचोपरांत दोषी व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि यह गंभीर एवं मानवता को शर्मसार करने वाला मामला है। उन्होंने कहा कि सीनियर सिटिजन एक्ट के अनुसार अपने वृद्ध माता पिता की सेवा, मेंटेनेंस नहीं करने एवं मारपीट के मामले में आवश्यक कार्रवाई करने एवं सक्षम निर्णय लेने हेतु सक्षम प्राधिकार होते हैं। उन्हें निर्देश दिया गया है कि इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करेंगे। वहीं उन्होंने बुजुर्ग व्यक्ति से पेंशन एवं अन्य सरकारी लाभ मिलने की जानकारी ली। बताया गया कि उन्हें पेंशन भी नहीं मिलता है, उपायुक्त द्वारा संबंधित को नियमानुसार तत्काल उन्हें पेंशन से जोड़ने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
_*बारिश में घर टूटा; उपायुक्त ने आपदा के तहत नियमानुसार क्षतिपूर्ति राशि देने का निर्देश*_
जनता दरबार में कई ऐसे आवेदन प्राप्त हुए जो बारिश के वजह से मकान गिरने एवं क्षति होने से संबंधित थे। उपायुक्त ने वैसे आवेदनों को आपदा के तहत नियमानुसार क्षतिपूर्ति राशि देने हेतु संबंधित को जरूरी दिशा निर्देश दिया।
इसके अलावा उपायुक्त द्वारा जनता दरबार के दौरान जमीन विवाद, अंचल एवं प्रखंडों सहित अन्य कार्यालय से संबंधित आवेदनों को अग्रसारित करते हुए 48 घंटे के अंदर कार्रवाई प्रतिवेदन से अवगत कराने का निर्देश दिया गया।
*_उल्लेखनीय है कि_* प्रत्येक सप्ताह के मंगलवार एवं शुक्रवार को पूर्वाह्न 11 बजे से मध्याह्न 1 बजे तक उपायुक्त श्री रवि आनंद (भा०प्र०से०) के द्वारा कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार आयोजित किया जा रहा है।

