दलाईकेला हादसे पर शोक जताने पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, पीड़ित परिवारों को शीघ्र मुआवज़े का निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
खरसावां: रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा खरसावां प्रखंड के दलाईकेला गांव पहुंचे, जहां उन्होंने शनिवार को उफनते नाले में डूबकर जान गंवाने वाले चार युवकों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। गौरतलब है कि भारी बारिश के चलते दलाईकेला गांव में सिद्धेश्वर मंडल, हरिबास दास, मनोज साहू और सुनील साहू की मौत नाले में बह जाने से हो गई थी। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को पीड़ित परिवारों को त्वरित मुआवज़ा व सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, बीडीओ प्रधान माझी, जिप सदस्य सावित्री बानरा, भाजपा नेता विजय महतो, रामनाथ महतो, बॉबी सिंह, अमित केशरी, सुधीर मंडल, विश्वजीत प्रधान, विशकंठ प्रधान, प्रशांत महतो समेत कई लोग मौजूद रहे।


