प्रधानमंत्री मोदी तीन देशों की यात्रा के पहले चरण में साइप्रस पहुंचे
निकोसिया, 15 जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को दो दिवसीय यात्रा पर साइप्रस पहुंचे। इस यात्रा के दौरान वह द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत बनाने के लिए राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस के साथ वार्ता करेंगे।

विशेष गर्मजोशी प्रदर्शित करते हुए राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलिडेस ने प्रधानमंत्री मोदी का लार्नाका अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्वागत किया। मोदी दो दशकों से अधिक समय में साइप्रस की यात्रा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं।
मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘साइप्रस पहुंच गया हूं। हवाई अड्डे पर मेरे स्वागत में विशेष गर्मजोशी प्रकट करने के लिए साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस को मेरा आभार। यह यात्रा भारत-साइप्रस संबंधों में विशेष रूप से व्यापार, निवेश और अन्य क्षेत्रों में महत्वपूर्ण गति प्रदान करेगी।

मोदी तीन देशों की अपनी यात्रा के पहले चरण के तहत यहां पहुंचे हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘साझा मूल्यों और आकांक्षाओं पर आधारित एक विश्वसनीय साझेदारी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी साइप्रस पहुंच चुके हैं। गर्मजोशी प्रकट करते हुए विशेष गहरे ऐतिहासिक संबंधों को दर्शाते हुए राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलिडेस और विदेश मंत्री कॉन्स्टेंटिनोस कोम्बोस ने हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री का स्वागत किया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘द्विपक्षीय संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने के लिए व्यापक चर्चा होगी।’’
साइप्रस के राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि यह एक ‘‘ऐतिहासिक यात्रा’’ है और ‘‘रणनीतिक साझेदारी में एक नया अध्याय है, जिसकी कोई सीमा नहीं है’’।

क्रिस्टोडौलिडेस ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी साइप्रस में आपका स्वागत है।

मोदी ने कहा कि तीन देशों की यह यात्रा, सीमापार आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत को लगातार समर्थन देने के लिए साझेदार देशों को धन्यवाद देने तथा आतंकवाद के सभी रूपों से निपटने के लिए दुनियाभर के देशों को एकजुट करने का भी अवसर है।

