प्रतिभा सम्मान समारोह आज, राजयपाल करेंगे विद्यार्थियों को सम्बोधित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
बहरागोड़ा में स्थित देव वाटिका में आयोजित होने वाले प्रतिभा सम्मान समारोह को लेकर सोमवार को प्रशासनिक हलचल तेज रही। घाटशिला के एसडीएम सुनील चंद्र, एसडीपीओ अजीत कुमार कुजूर, बहरागोड़ा के प्रखंड विकास पदाधिकारी केशव भारती, अंचल अधिकारी राजा राम मुंडा, बहरागोड़ा आरक्षी निरीक्षक एवं थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा ने कार्यक्रम स्थल का पैदल मार्च करते हुए निरीक्षण किया। इस दौरान देव वाटिका परिसर और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था, मंच निर्माण, बैठने की व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर अधिकारियों ने गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए देव वाटिका के सामने स्थित बहरागोड़ा मिडिल स्कूल मैदान को जेसीबी मशीन से साफ-सुथरा करवाया गया, ताकि पार्किंग और भीड़ नियंत्रण में कोई समस्या न हो। मंच की मजबूती, आगंतुकों की एंट्री और इमरजेंसी व्यवस्था की भी जांच की गई। भाजपा जिलाध्यक्ष चंडी चरण साहू और बाप्तु साहू ने अधिकारियों को कार्यक्रम की तैयारियों से अवगत कराया।
3 जून आज होगा मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान
मंगलवार, 3 जून को देव वाटिका में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी तत्वावधान में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा।
इस समारोह में बहरागोड़ा प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों से मैट्रिक परीक्षा में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले कुल 120 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
राज्यपाल होंगे मुख्य अतिथि, कई गणमान्य रहेंगे उपस्थित
इस गरिमामय समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। उनके साथ जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो एवं राज्यसभा सदस्य प्रदीप वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
राज्यपाल मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित करेंगे। कार्यक्रम को लेकर बहरागोड़ा में उत्साह का माहौल है और आम जनता से लेकर छात्र-छात्राओं के अभिभावकों तक में समारोह को लेकर विशेष उत्सुकता देखी जा रही है।

